तकफ़ीरी आतंकी गुट आईएसआईएल ने फ़्रान्स को धमकी दी है।
प्रेस टीवी की रिपोर्ट के अनुसार आतंकी गुट आईएसआईएल के एक सदस्य ने हाल ही में जारी होने वाली अपनी ताज़ा वीडियो क्लिप में एक सीरियाई सैनिक को गोली मार कर हताहत करने के बाद घोषणा की है कि यह गुट पेरिस की सड़कों को लाशों से भर देगा। फ़्रेंच भाषा में बात कर रहे इस आतंकी ने कहा कि वह उन पांच सौ फ़्रांसीसी नागरिकों में से एक है जो आईएसआईएल के साथ काम कर रहे हैं। इस आतंकी ने घोषणा की है कि यह संदेश केवल फ़्रान्स के लिए नहीं बल्कि पूरे विश्व समुदाय के लिए है।
फ़्रान्स के प्रधानमंत्री मेनोएल वॉल्स ने भी सचेत किया है कि भविष्य में इस देश को अधिक आतंकवादी कार्यवाहियों का सामना करना पड़ेगा। पेरिस में एक पत्रिका के कार्यालय पर हमले के बाद से ही फ़्रान्स के सुरक्षा अधिकारी, आईएसआईएल सहित आतंकी गुटों की ओर से इस देश पर हमले की आशंका से चिंतित हैं और इसी लिए इस देश में सुरक्षा स्थिति बहुत कड़ी कर दी गई है।